सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को शासकीय माडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर में किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों, कल्पनाओं एवं रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात निर्धारित विषयों पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों एवं अभिव्यक्ति कौशल के माध्यम से भारत के विकास, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण तथा नागरिकों की भूमिका पर विचार प्रस्तुत किए। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों एवं रचनात्मकता के माध्यम से अपने सपनों के भारत एवं विकसित भारत की कल्पना को चित्रों में उकेरा।

भाषण प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय अनूपपुर की बसुन्धरा पटेल ने प्रथम, हायर सेकेंडरी स्कूल पसला की रिया यादव ने द्वितीय तथा हायर सेकेंडरी स्कूल जमुना कालरी की सोनाली पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अनूपपुर पब्लिक स्कूल के आयुष बैगा ने प्रथम, मेगा माइंड अनूपपुर की अन्वी तिवारी ने द्वितीय तथा मेगा माइंड अनूपपुर के विख्यात गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में संदीपनी विद्यालय बदरा की सुहानी चौधरी ने प्रथम, पैरामाउंट स्कूल जैतहरी की लक्ष्मी ताम्रकार ने द्वितीय तथा शासकीय माडल विद्यालय अनूपपुर के आकाश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में मेगा माइंड अनूपपुर की सिहाइना सिन्हा ने प्रथम, अनूपपुर पब्लिक स्कूल के आयुष बैगा ने द्वितीय तथा शासकीय संदीपनी विद्यालय कुहका की अनुष्का केवट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के पश्चात प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति कौशल की सराहना की। विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, रचनात्मक सोच तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो, सहायक संचालक ओंकार सिंह धुर्वे, एडीपीसी देवेश सिंह बघेल, महाविद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य अनिल सक्सेना, उत्कृष्ट विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य, मॉडल विद्यालय धनगवां के प्राचार्य सहित अन्य प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में शिवरतन वर्मा, राजा तिवारी, बृजेश चतुर्वेदी, ज्योति शर्मा, विवेक वियाणी, गजेंद्र सिंह एवं संजय चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, विचार क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की दिशा में नागरिकों की भूमिका को अपने विचारों के माध्यम से रेखांकित किया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की।