राज्य शासन द्वारा जिला एवं व्यापार केंद्रों के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ऐसे कई युवाओं के सपनों को पूरा कर रही है, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू कर अपनी समृद्धि की राह खुद बनाना चाहते हैं। जिले के विकासखंड मुख्यालय पाटन के विवेक नेमा ऐसे ही एक युवा हैं जिनके सपनों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने पूरा किया।

विवेक पहले से ही पाटन में बिजली के उपकरणों की दुकान संचालित कर रहे थे। उनकी कारोबार को विस्तार देने की इच्छा थी, लेकिन नए व्यवसाय के लिए पूंजी की जरूरत थी। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करने पर उन्हें पंजाब नेशनल बैंक की पाटन शाखा से करीब 8.50 लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ।

विवेक बताते हैं कि व्यवसाय बढ़ाने के लिए बैंक से संपर्क करने पर उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत मिलने वाली ब्याज में छूट के बारे में जानकारी भी दी गई। उन्हें यह सुविधा अच्छी लगी, क्योंकि योजना के माध्यम से व्यवसाय के लिए ऋण मिलने के साथ ब्याज में भी राहत मिल रही थी।

विवेक के मुताबिक, ऋण लिए अभी करीब छह महीने ही हुए हैं, इसलिए व्यवसाय के शुरुआती दौर में वे बाजार को समझने और ग्राहकों की मांग के अनुसार व्यापार को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं। उनका कहना है कि पैंट का व्यवसाय किस तरह बढ़ता है और कितना लाभ होता है, इसका वास्तविक आकलन कुछ समय बाद ही हो सकेगा।

विवेक का कहना है कि योजना से मिले ऋण ने उन्हें अपने मौजूदा व्यवसाय के साथ नया व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया है। अब वे दोनों व्यवसाय को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।