बड़वानी जिले के अंजड के रहने वाले युवा श्री निखिल पाटीदार ने अपनी मेहनत, पक्के इरादों और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बल पर सफलता की एक नई मिसाल कायम की है। आज निखिल क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों से शुरुआत कर अपने व्यवसाय को एक नई ऊंचाई दी है।
चुनौतियों से सफलता तक का सफर निखिल पाटीदार हमेशा से अपने पैरों पर खड़े होकर कुछ नया करना चाहते थे और अपने क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित करना चाहते थे। पूंजी की कमी उनके इस सपने के आड़े आ रही थी। ऐसे में उन्हें मध्य प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में जानकारी मिली, जो युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
निखिल ने बिना वक्त गंवाए इस योजना के तहत आवेदन किया। प्रशासनिक सहयोग और बैंक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें अपना उद्यम स्थापित करने के लिए 7.5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। योजना का मिला दोहरा लाभ मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत निखिल को न केवल समय पर ऋण मिला, बल्कि शासन की ओर से मिलने वाले 3ः ब्याज अनुदान का भी उन्हें पूरा लाभ प्राप्त हुआ।
इससे उनके व्यवसाय पर वित्तीय बोझ काफी कम हो गया और वे अपने कारोबार के विस्तार पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर पाए। उनकी बेहतरीन कार्यकुशलता और मजबूत व्यावसायिक सूझबूझ का ही नतीजा है कि आज उनके उद्यम का वार्षिक टर्नओवर 25 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
निखिल पाटीदार की यह सफलता सिद्ध करती है कि यदि युवाओं के पास पक्का इरादा हो और उन्हें समय पर सही मार्गदर्शन व शासकीय योजनाओं का सहयोग मिल जाए, तो वे सफलता की बुलंदियों को छू सकते हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की बदौलत आज निखिल एक सफल उद्यमी के रूप में न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।


