मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को फील्ड भ्रमण के दौरान शासकीय नवीन माध्यमिक शाला लोनिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने कक्षा पहली से लेकर पांचवीं तक और कक्षा 7 वीं तथा 8 वीं के विद्यार्थियों की कक्षाओं में पहुँचकर उनसे सहज और आत्मीय संवाद किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से गणित, सामान्य ज्ञान, इतिहास से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके ज्ञान का आंकलन किया। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों में 25 तक के पहाड़े सुनायें, जिससे सुनकर कलेक्टर श्री नारायन ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों को सराहा। उन्होंने माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान की भी जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कोई विद्यार्थी टीचर बनना चाहता है, तो कोई डॉक्टर और इंजीनियर, अधिकांश लड़कों ने आर्मी और पुलिस में जाने की इच्छा जताई। कलेक्टर और सीईओ जिला पंचायत ने इन सभी क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अभी से की जाने वाली तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि नियमित रूप से अनुशासन के साथ पढ़ाई करें। अपना कीमती समय व्यर्थ न गवाएं। समय पर सोएं, समय पर उठें।
पढ़ाई के साथ अपने उचित खान - पान और सेहत का भी ध्यान रखें। दिनचर्या में खेल कूद को भी हिस्सा जरूर बनाएं। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान को लेकर और अधिक उन्मुखीकरण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभी से तैयार हो सकें।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने शिक्षकों से भी चर्चा की और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




