लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा श्री जे.के.इड़पाचे के मार्गदर्शन में रविवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में शिक्षक समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों की सेवा-संबंधी एवं प्रशासनिक कठिनाइयों का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करना था।
शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित हुए और कार्यालय प्रमुख के समक्ष अपने प्रकरण दर्ज कराए। शिक्षकों द्वारा मुख्य रूप से वेतन निर्धारण, वेतन विसंगति, एरियर भुगतान, लंबित पदोन्नति, क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान से संबंधित समस्याएं रखी गईं। इसके साथ ही सेवा पुस्तिका के सत्यापन, एनपीएस/जीपीएफ से जुड़ी त्रुटियों में सुधार, सीआर एवं अवकाश लेखा के समय पर संधारण, स्थानांतरण एवं कार्यमुक्ति के बाद कार्यभार ग्रहण करने में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं तथा चिकित्सकीय देयक (मेडिकल क्लेम) से संबंधित लंबित प्रकरण भी प्रस्तुत किए गए।
खास बातें
- शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित हुए और कार्यालय प्रमुख के समक्ष अपने प्रकरण दर्ज कराए।
- शिविर के दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का जिला स्तर पर तत्काल निराकरण किया गया।
- शेष 68 शिकायतें संभाग एवं राज्य स्तर से निराकरण योग्य होने के कारण संभाग स्तरीय शिविर के लिए प्रेषित की गईं।
शिविर के दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का जिला स्तर पर तत्काल निराकरण किया गया। शेष 68 शिकायतें संभाग एवं राज्य स्तर से निराकरण योग्य होने के कारण संभाग स्तरीय शिविर के लिए प्रेषित की गईं।
समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समस्त संकुल प्राचार्य एवं लेखापाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के दल प्रभारी दोपहर 12 बजे से निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। समस्त संकुल प्राचार्यों द्वारा अपने-अपने स्तर के सभी लंबित प्रकरणों की सूची शिविर में विधिवत प्रस्तुत की गई, जिससे अधिकांश मामलों का मौके पर परीक्षण कर उचित कार्रवाई की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इडपाचे, सहायक संचालक श्री डी.पी. डेहरिया सहित समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य उपस्थित थे।




