प्रदेश व्यापी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विदिशा जिले की सिरोंज तहसील में 26 सितंबर को आयोजित जन विश्वास अभियान शिविरों के माध्यम से 25 ग्राम पंचायतों के 81 शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए हैं। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की विशेष पहल पर विद्यार्थियों के लिए कुल 4500 स्कूल बैग उपलब्ध कराए गए, जिनका वितरण शिविरों एवं विद्यालयों के माध्यम से किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना तथा विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा जिन ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयों में स्कूल बैग वितरित किए गए उनमें गोपालनगर, कर्राखेड़ी, चठौली, खोदूपुर, दीकनाखेड़ा, दामोदरखेड़ी, नेकान, विशेषपुर, इमलानी, साकलोन, चुनियाखोह, लिधोड़ा, पगरानी, झूकरहोज, देवीटोरी, खटूआ, छापू, खेजड़ागोपाल, तरवरिया, महू, चैड़ाखेड़ी, चितावर, सेमलखेड़ी, कांजीखेड़ी तथा कस्बा के विद्यालय शामिल हैं। स्कूल बैग प्राप्त कर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई।





