जिले के विकासखंड परासिया में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भावरकर के मार्गदर्शन में गत दिवस बीएसडब्ल्यू व एमएसडब्ल्यू के समस्त छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं की उपस्थिति में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष शिवपुरी श्री देवी पाल, श्री मुकेश सालवंशी, श्री देवीसिंह राजपूत, बीजागोरा सरपंच श्री गुरूपाल भलावी एवं श्री भगतलाल धुर्वे उपस्थित थे। ब्लॉक समन्वयक श्री संजीव भावरकर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जीवनी पर प्रकाश डाला तथा संकल्प सेवा अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर उन्हें अंतिम छोर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि श्री देवी पाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए सभी छात्रों को उनके मार्गदर्शन में चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री शंकर राम प्रजापति ने किया। नवांकुर संस्था से श्री देवीसिंह राजपूत, श्री मनेश भलावी एवं सभी परामर्शदाता तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।