राज्य शासन के निर्देशों के परिपालन में जिले में सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर को किया जाएगा। अभियान के तहत 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 4 अक्टूबर को नगरीय निकाय स्तर पर सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिला स्तर पर अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह को नोडल अधिकारी तथा जिला प्रबंधक लोक सेवा श्री सौरभ चौबे एवं तहसीलदार भू-प्रबंधन श्री विवेक मूले को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर भी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

खास बातें

  • शिविर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे।
  • प्रत्येक शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाए जाएंगे।
  • आवेदकों एवं हितग्राहियों के पंजीयन के लिए अलग से 3 काउंटर/स्टॉल बनाए जाएंगे, जहां दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी।

जारी आदेश के अनुसार 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु अभियान के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को नोडल अधिकारी तथा विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं 4 अक्टूबर को नगरीय निकाय स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुगम एवं सर्वसुविधायुक्त स्थानों पर होंगे शिविर

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों के लिए उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण, जनपद पंचायत परिसर, सामुदायिक भवन अथवा खेल मैदान जैसे सुगम एवं सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक स्थलों का चयन किया जाए। शिविर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। प्रत्येक शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाए जाएंगे। आवेदकों एवं हितग्राहियों के पंजीयन के लिए अलग से 3 काउंटर/स्टॉल बनाए जाएंगे, जहां दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी।

शिविरों में रहेंगी आवश्यक सुविधाएं

स्थानीय निकायों द्वारा शिविर स्थल पर मंच, लाउडस्पीकर/साउंड सिस्टम, पेयजल, छाया, बायो टॉयलेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कम्प्यूटर एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अंतर-विभागीय समन्वय के लिए राजस्व विभाग नोडल की भूमिका निभाएगा। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा शासन की फ्लैगशिप एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराएंगे।

शिविर में प्राप्त आवेदनों, मौके पर स्वीकृत प्रकरणों एवं लाभान्वित हितग्राहियों की प्रतिदिन की जानकारी अधिकृत राज्य पोर्टल पर प्रतिदिन शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराने की जिम्मेदारी संबंधित विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी की होगी। संबंधित विभाग अपने विभाग से संबंधित आवश्यक डाटा नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की तिथि एवं स्थान की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों, मुनादी, कोटवारों द्वारा उद्घोषणा, सोशल मीडिया एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के संबंध में जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी आवश्यकतानुसार अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने संबंधी आदेश जारी करने के लिए अधिकृत रहेंगे।