राज्य शासन के निर्देशानुसार नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं उनके गांव और वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे।

नरसिंहपुर जिले में 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे। यह शिविर विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंहपुर, विकासखंड करेली के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर करेली, विकासखंड चीचली के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर चीचली, विकासखंड सांईखेड़ा के अंतर्गत जनपद पंचायत परिसर सांईखेड़ा, विकासखंड गोटेगांव के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोटेगांवखेड़ा और विकासखंड चांवरपाठा के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा में आयोजित किए जाएंगे।

खास बातें

  • नरसिंहपुर जिले में 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे।
  • अभियान के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम प्रणाम, नैनो उर्वरक सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।
  • शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाने के निर्देश हैं।

पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ

सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य शासकीय योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविरों में पूर्व से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों की जानकारी का संकलन करने के साथ-साथ शेष पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध किया जाएगा। शासन द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुसार पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ प्रदान करने की कार्रवाई की जाएगी। शिविर में आने वाले हितग्राहियों के लिए पृथक पंजीयन स्टॉल की व्यवस्था रहेगी। संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं, आवेदन एवं योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

कई विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इनमें राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, नामांतरण-बंटवारा, सीमांकन, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, बीपीएल, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना शामिल हैं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, रोजगार पंजीयन, जॉब कार्ड एवं रोजगार की मांग तथा प्रधानमंत्री पोषण अभियान से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।

इसी तरह नगरीय विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, मत्स्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वित्त, श्रम, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी शिविर में उपलब्ध रहेंगी।

किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं को विशेष लाभ

अभियान के माध्यम से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम प्रणाम, नैनो उर्वरक सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है। श्रमिकों के लिए ई-श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन, संबल योजना तथा भवन निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

युवाओं के लिए पीएमकेवीवाई/स्किल इंडिया के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण के लिए पंजीयन तथा नेशनल करियर सर्विस पर जॉब सीकर पंजीयन एवं जॉब मैचिंग की सुविधा रहेगी। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा अन्य सेवाओं की जानकारी और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य शिविर और योजनाओं की प्रदर्शनी भी होगी

शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। साथ ही शिविर स्थल पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया एवं उपलब्ध लाभों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके। शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाने के निर्देश हैं।