राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिले में मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित सप्ताह के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मद्यपान एवं नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मद्य निषेध सप्ताह की शुरुआत शुक्रवार को प्रातः 8 बजे तिलक स्कूल से नशामुक्ति जन-जागरूकता रैली के साथ हुई।

नगरपालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोडिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों, युवाओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली के पश्चात तिलक स्कूल परिसर में नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नशामुक्ति विषय पर आधारित पोस्टर एवं चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में संपूर्ण सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय से गतिविधियां संचालित की जाएगी।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, ‘न्यू अभिनय प्रयास’ संस्था सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान2 से 8 अक्टूबर तक विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्त भारत अभियान के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ई-प्लेज दिलाया जाएगा।

स्कूलों, महाविद्यालयों एवं ग्राम सभाओं में नशामुक्ति मित्रों एवं मास्टर वॉलंटियर्स के सहयोग से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पुलिस, महिला एवं बाल विकास तथा जनसम्पर्क विभाग द्वारा समन्वित रूप से गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे मद्य निषेध सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करें और “नशा न करेंगे, न करने देंगे” के संकल्प के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।