कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने बरघाट विकासखंड के प्रवास के दौरान ग्राम जेवनारा में भगवान शिव के मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का अवलोकन करते हुए स्थानीय लोगों से क्षेत्र के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने स्थानीय लोगों से महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले मेले के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मीना ने नाले पर क्षतिग्रस्त हुए चेक डैम का भी अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेक डैम के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर श्रीमती मीना ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन करते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राकृतिक रूप से सुंदर स्थल को पर्यटन से जोड़ने के लिए आवश्यक संभावनाओं का परीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, एसडीएम श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


