प्राकृतिक आपदाओं एवं मौसम की अनिश्चितताओं के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। सिवनी जिले की घंसौर तहसील के ग्राम टिकरा निवासी कृषक खुमान सिंह पिता श्री मेहताब सिंह के लिए भी यह योजना संकट के समय आर्थिक संबल बनी है।
कृषक खुमान सिंह बताते हैं कि वे विगत 5 वर्षों से लगातार अपनी फसलों का बीमा कराते आ रहे हैं। वर्ष 2025 में फसल क्षति होने पर उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 1 लाख 10 हजार रुपये की क्लेम राशि प्राप्त हुई। फसल नुकसान के बाद समय पर मिली इस आर्थिक सहायता से उन्हें राहत मिली और वे पुनः खेती-किसानी के कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ा सके।
खुमान सिंह बताते हैं कि फसल बीमा प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करता है। क्लेम राशि प्राप्त होने के बाद वे अपने क्षेत्र के अन्य साथी किसानों को भी फसलों का बीमा कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।



