प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी के तत्वावधान में उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के परिपालन में आज जिला स्तरीय बैडमिंटन (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब प्राप्त किया, जबकि शासकीय महाविद्यालय लखनादौन की टीम उपविजेता रही।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने आशीर्वचन के माध्यम से प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर डॉ. सविता मसीह, डॉ. एस.एस. राहंगडाले, डॉ. ज्योति कुमरे एवं डॉ. टी.आर. सनोडिया सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. अनिल कुमार परते द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी के खेल अधिकारी श्री कमलेश टेंभरे एवं जिले के समस्त खेल अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।