जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रवणबाधित दिव्यांगजनों के अधिकारों, सुविधाओं एवं उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। नोडल अधिकारी श्री संदीप परते ने अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों, विशेष रूप से श्रवणबाधित दिव्यांगजनों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत प्राप्त अधिकारों एवं सुविधाओं के संबंध में छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में सी.डब्ल्यू.एस.एन. छात्रावास में निवासरत श्रवणबाधित दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की मनोवैज्ञानिक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रवणबाधित दिव्यांगजन, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत सिवनी श्री प्रशांत सोनी, एपीसी जिला शिक्षा केंद्र श्री हरीश बर्मन, विशेष शिक्षक श्रीमती वर्षा चौहान सहित सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



