150 स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रदान किया गया ‘सिकल मित्र’ प्रमाण-पत्र

सिवनी। राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सिवनी जिले में सिकल सेल रोग की पहचान, उपचार एवं जागरूकता को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 26 सितंबर 2026 को शासकीय नर्सिंग कॉलेज सिवनी में स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पराग सागर फाउंडेशन एवं जिला चिकित्सालय सिवनी के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण में जिले के स्वास्थ्य विभाग के लगभग 150 अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रतिभागियों को ‘सिकल मित्र’ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

खास बातें

  • प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रतिभागियों को ‘सिकल मित्र’ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
  • प्रशिक्षण के दौरान डॉ. दीप्ति जैन ने सिकल सेल रोग के लक्षण, जांच, पहचान, उपचार, बचाव एवं रोगियों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
  • प्रशिक्षण में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में सिकल सेल टास्क फोर्स की चेयरपर्सन इंडिया डॉ. दीप्ति जैन, शासकीय मेडिकल कॉलेज नागपुर की सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. माधुरी हेले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे, डॉ. पलाश दुबे, डॉ. ऋषि सागर, पराग सागर एवं विकास शुक्ला सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. दीप्ति जैन ने सिकल सेल रोग के लक्षण, जांच, पहचान, उपचार, बचाव एवं रोगियों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सिकल सेल रोग की समय पर पहचान एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों की जांच भी की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे ने जिले में सिकल सेल उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों तथा वर्तमान में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सिकल सेल रोग की रोकथाम एवं समय पर जांच के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी साझा की।

प्रशिक्षण में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य अमले को सिकल सेल रोग की पहचान एवं प्रबंधन के संबंध में आवश्यक जानकारी और कौशल प्रदान कर जिले में सिकल सेल उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।